उज्जैन 21 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत उज्जैन जिले में विशेष टीकाकरण कैचअप सत्रों का आयोजन सोमवार को विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों पर किया गया।

कैचअप टीकाकरण सत्र के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी पात्र एवं टीकाकरण से छूटे बच्चों का सर्वे एवं सूचीकरण कर उन्हें निर्धारित टीकाकरण सत्रों में लाकर टीकाकरण किया गया।

उल्लेखनीय है कि शासन के निर्देशानुसार “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत बच्चों के नियमित टीकाकरण को शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में विशेष टीकाकरण कैचअप सत्रों का आयोजन किया जा रहा है। भारत सरकार द्वारा वर्ष 2026 में मिशन इन्द्रधनुष के तहत नियमित टीकाकरण को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश में अप्रैल से अगस्त 2026 तक पेंटावैलेंट-1, एमआर-1 एवं एमआर-2 की उपलब्धि में अपेक्षाकृत कम प्रगति वाले चिन्हित क्षेत्रों में विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।

विशेष टीकाकरण कैचअप सत्रों का आयोजन आगामी दिनों में दिनांक 28 सितम्बर 2026 तथा 5 एवं 12 अक्टूबर 2026 को भी किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मैदानी अमले के माध्यम से पात्र एवं टीकाकरण से छूटे बच्चों का सर्वे एवं सूचीकरण कर उन्हें निर्धारित टीकाकरण सत्रों में लाया जाएगा। साथ ही टीकाकरण से वंचित बच्चों को चिन्हित करने के साथ-साथ आशा कार्यकर्ता एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा अभिभावकों से संपर्क कर टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी जाएगी तथा बच्चों को आवश्यक टीके निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार लगाए जाएंगे। विशेष सत्रों के दौरान संबंधित स्वास्थ्य केन्द्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं की भी नियमित निगरानी की जाएगी।

जिले के अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपने बच्चों के टीकाकरण कार्ड की जांच करें। यदि किसी बच्चे का कोई टीका छूट गया है या लंबित है, तो निकटतम स्वास्थ्य केन्द्र / टीकाकरण सत्र में पहुंचकर उसका टीकाकरण अवश्य कराएं। बच्चों को समय पर सभी आवश्यक टीके लगवाना उनके स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।