राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के अंतर्गत मोबाइल हेल्थ टीम द्वारा जन्म से 18 वर्ष तक के बच्चों का स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों पर नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किया जाता है। इसी क्रम में विकासखण्ड गोहद अंतर्गत ग्राम वाणगंगा स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र पर डॉ. राखी जैन द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान माधव कुशवाह, पुत्र श्री रामकिशोर कुशवाह, उम्र वर्ष, 11 माह को जन्मजात श्रवणदोष से चिन्हांकित किया गया।

डॉ. राखी जैन, चिकित्सा अधिकारी (आर.बी.एस.के) द्वारा बच्चे को आवश्यक जांच एवं उपचार हेतु जिला चिकित्सालय भिण्ड भेजा गया। जिला चिकित्सालय में ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. श्रीकान्त शर्मा द्वारा बच्चे की आवश्यक जांच की गई तथा बच्चे में कॉक्लियर इम्प्लांट सर्जरी की आवश्यकता पाई गई। इस संबंध में जिला समन्वयक आरबीएसके श्री वीरेन्द्र वर्मा को अवगत कराया गया।

श्री वीरेन्द्र वर्मा द्वारा प्रकरण की जानकारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जे.एस. यादव को दी गई। प्रकरण का संज्ञान लेते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा हितग्राही माधव कुशवाह की कॉक्लियर इम्प्लांट सर्जरी हेतु 6,50,000 (रुपये छह लाख पचास हजार मात्र) की राशि की स्वीकृति प्रदान करते हुए आदेश जारी किया गया। उक्त सर्जरी निजी चिकित्सा संस्थान में कराई जायेगी तथा राशि का भुगतान आर.बी.एस.के. द्वारा किया जायेगा।

डॉ. यादव ने जानकारी देते हुये बताया कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में जन्मजात एवं अन्य स्वास्थ्य समस्याओं की समय पर पहचान कर उन्हें आवश्यक उपचार एवं उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। माधव के कॉक्लियर इम्प्लांट के पश्चात उसके जीवन में नई आशा और संभावनाओं का संचार हो, वह भविष्य में सुन एवं बोल सके तथा सामान्य बच्चों की तरह अपने सपनों को साकार कर सके इसी मंगलकामना के साथ स्वास्थ्य विभाग उसके शीघ्र स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है।