शिक्षा संजीवनी अभियान के अंतर्गत चोपना जनशिक्षा केंद्र के शिक्षकों ने शिक्षा के प्रति अपनी सामूहिक सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। चोपना जन शिक्षा केंद्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों की पहल से क्षेत्र की 17 प्राथमिक शालाओं के विद्यार्थियों के लिए 275 डेस्क-बेंच उपलब्ध कराए गए। इससे इन विद्यालयों में डेस्क-बेंच की आवश्यकता की पूर्ति हो गई है।
कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, सहायक कलेक्टर श्री पुष्पराज खोट सहित जिला एवं खंड स्तरीय अधिकारी, शिक्षक एवं अन्य अतिथि उपस्थित रहे।
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने चोपना जन शिक्षा केंद्र के शिक्षकों द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए गए इस सामूहिक प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के प्रति शिक्षकों और समाज की ऐसी सहभागिता विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने अन्य जनशिक्षा केंद्रों से भी इसी प्रकार सहयोग एवं सहभागिता के माध्यम से विद्यालयों की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने का आह्वान किया।
चार सेवानिवृत्त शिक्षकों का किया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान चोपना जन शिक्षा केंद्र से जुड़े चार सेवानिवृत्त शिक्षकों को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने उनके दीर्घ सेवाकाल के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को स्मरण करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं सक्रिय जीवन की कामना की गई।
कार्यक्रम में चोपना जन शिक्षा केंद्र की ओर से उपस्थित अधिकारियों एवं अतिथियों को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। शिक्षा संजीवनी अभियान के तहत शिक्षकों की यह पहल विद्यार्थियों के लिए आवश्यक शैक्षणिक सुविधाओं की पूर्ति के साथ-साथ “ शिक्षा के लिए सामूहिक सहभागिता ” की भावना को भी मजबूत करती है।



