राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर 06 अक्टूबर को 01 से 19 वर्ष तक के बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी। कार्यक्रम के तहत शासकीय एवं निजी स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों, मदरसों और छात्रावासों में बच्चों को दवा का सेवन कराया जाएगा। इसके साथ ही 20 से 49 वर्ष की ऐसी महिलाएं, जो गर्भवती अथवा धात्री नहीं हैं, उन्हें भी इस दवा का सेवन कराया जाएगा। भोपाल में लगभग साढ़े नौ लाख बच्चों को गोली का सेवन कराया जाएगा।
कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों को एल्बेंडाजोल दवा उपलब्ध कराई गई है। गोली के सेवन की विधि एवं इसके लाभों की जानकारी देने के लिए स्कूलों में नोडल शिक्षकों को प्रशिक्षित किया गया है। स्कूलों में नोडल शिक्षक की उपस्थिति में बच्चों को दवा खिलाई जाएगी।
पेट में होने वाले कृमि संक्रमण से बच्चों का शारीरिक एवं मानसिक विकास प्रभावित होता है। इसका बच्चों की स्कूल में उपस्थिति एवं शैक्षणिक उपलब्धि पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
कृमिनाशक दवा का सेवन कराकर कृमि संक्रमण से होने वाली बीमारियों से बचाव किया जा सकता है। एनीमिया का बच्चों के बौद्धिक एवं शैक्षणिक विकास के साथ-साथ शारीरिक वृद्धि पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। एल्बेंडाजोल की गोली पूरी तरह सुरक्षित है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, भोपाल, डॉ. मनीष शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित अन्य नोडल विभागों के सहयोग से दवा का सेवन कराया जाएगा।




