सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास, विवेकानंद चौराहा विदिशा में विद्यार्थियों के लिए योग अभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए योग के महत्व से अवगत कराना तथा नियमित योगाभ्यास को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में छात्रावास में निवासरत छात्राओं एवं छात्रावास अधीक्षिका श्रीमती नीलू नरवरिया ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। योगाभ्यास के माध्यम से विद्यार्थियों को शरीर को स्वस्थ एवं सक्रिय रखने के साथ-साथ मन को शांत रखने और सकारात्मक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान योग के नियमित अभ्यास से होने वाले लाभों के संबंध में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि नियमित योगाभ्यास से एकाग्रता बढ़ाने, तनाव को नियंत्रित करने, शारीरिक फिटनेस बनाए रखने तथा दिनचर्या में अनुशासन विकसित करने में सहायता मिलती है। विद्यार्थियों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प भी लिया।
छात्रावास अधीक्षिका श्रीमती नीलू नरवरिया ने विद्यार्थियों को योग एवं स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियों को अपनी नियमित दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देना भी आवश्यक है।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित यह गतिविधि विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली की भावना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रही। छात्रावास प्रबंधन द्वारा भविष्य में भी विद्यार्थियों के लिए योग सहित विभिन्न स्वास्थ्य एवं व्यक्तित्व विकास संबंधी गतिविधियां आयोजित करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।







