जन सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत रविवार को गंजबासौदा के मानस भवन में जनसमस्या निवारण एवं आमजन को शासकीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि व स्थानीय विधायक श्री हरिसिंह रघुवंशी, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीतू रघुवंशी सहित कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता एवं बासौदा एसडीएम श्रीमती अनुभा जैन ने सहभागिता की।

शिविर में नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के साथ ही उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने तथा स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया गया। विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उपस्थित हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी प्रदान की और पात्रतानुसार लाभ दिलाने की कार्यवाही की।

स्वास्थ्य शिविर में 308 मरीजों की जांच एवं उपचार

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामहित कुमार के निर्देशन तथा खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीलेश गुर्जर के समन्वय से स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार शिविर आयोजित किया गया। इसमें कुल 308 मरीजों का पंजीयन कर उनकी स्वास्थ्य जांच की गई तथा आवश्यकतानुसार उपचार उपलब्ध कराया गया। साथ ही मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श एवं जागरूकता संबंधी जानकारी भी दी गई।

शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न सेवाओं के अंतर्गत 75 मरीजों की एनसीडी स्क्रीनिंग कर रक्तचाप एवं मधुमेह की जांच की गई। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 733 हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए, जिससे पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ प्राप्त करने में सहायता मिलेगी। इसके अतिरिक्त 68 व्यक्तियों की आभा आईडी बनाई गई तथा राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के अंतर्गत 30 बच्चों की स्वास्थ्य जांच एवं स्क्रीनिंग की गई।

गर्भवती महिलाओं की जांच और प्रसूता महिलाओं को सहायता

शिविर में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत पांच गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई। वहीं, पात्र हितग्राहियों को शासन की प्रसूति सहायता योजना से लाभान्वित करने के उद्देश्य से दो प्रसूता महिलाओं को सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। इसके साथ ही 11 दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।

आयुर्वेद एवं होम्योपैथिक पद्धति से भी मिला उपचार

आमजन को विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों के माध्यम से उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शिविर में आयुष चिकित्सा सेवाएं भी प्रदान की गईं। इसके अंतर्गत 58 मरीजों का आयुर्वेदिक पद्धति से तथा 96 मरीजों का होम्योपैथिक पद्धति से उपचार किया गया।

विभागीय समन्वय से नागरिकों को मिला लाभ

जन सेवा सेतु शिविर का उद्देश्य शासकीय सेवाओं एवं योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना, पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना तथा नागरिकों की समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करना रहा। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से स्वास्थ्य परीक्षण, आयुष्मान कार्ड निर्माण, आभा आईडी पंजीयन, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र वितरण एवं प्रसूति सहायता जैसी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। इस प्रकार शिविर के माध्यम से नागरिकों को विभागीय सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा मिली।