मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर 3 एवं 4 अक्टूबर को आयोजित ‘सेवा सेतु अभियान’ के अंतर्गत रविवार को मुरैना जिले की सभी 8 नगरीय निकायों में शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में नागरिकों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं का निराकरण तथा पात्रतानुसार योजनाओं का लाभ दिलाने की कार्यवाही की गई। जिले की नगरीय निकायों में 4 अक्टूबर को आयोजित शिविरों में कुल 1637 आवेदन पोर्टल पर दर्ज किए गए। इनमें पात्र हितग्राहियों को विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की कार्यवाही की जा रही है।

कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ ने रविवार को नगर निगम मुरैना के वार्ड क्रमांक 46 स्थित मां-बेटी चौराहा, टेलीफोन बाबा के पास आयोजित शिविर में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों तथा हितग्राहियों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली। इस दौरान कलेक्टर ने हितग्राहियों के बीच बैठकर उनसे सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली।

कलेक्टर ने हितग्राहियों से चर्चा करते हुए कहा कि बीपीएल, राशन, पात्रता पर्ची, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, ट्राईसाइकिल सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए पात्र नागरिक शिविर में अपना आवेदन प्रस्तुत करें। आवेदनों के परीक्षण एवं सत्यापन के बाद पात्रतानुसार आवश्यक कार्यवाही करते हुए हितग्राहियों को लाभ दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर ये शिविर नागरिकों तक शासन की सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से उनके क्षेत्र में आयोजित किए गए हैं, ताकि अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक भी शासन की योजनाओं का लाभ पहुंच सके।

कलेक्टर द्वारा हितग्राहियों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनने तथा योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिए जाने पर नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त की। हितग्राहियों ने कहा कि शिविर के माध्यम से उन्हें एक ही स्थान पर विभिन्न योजनाओं की जानकारी, आवेदन की सुविधा और संबंधित अधिकारियों से सीधे संवाद का अवसर मिल रहा है।

नगर निगम मुरैना के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 46 में मां-बेटी चौराहा, वार्ड क्रमांक 32 में मंशा देवी मंदिर गणेशपुरा एवं नंदे का पुरा तथा टाउनहॉल में शिविर आयोजित किए गए। इसके अलावा नगर पंचायत बानमौर, नगर पंचायत कैलारस, नगर पंचायत झुण्डपुरा, नगर पालिका पोरसा, नगर पालिका अम्बाह, नगर पालिका सबलगढ़ तथा नगर पालिका जौरा में भी शिविर लगाए गए।

शिविरों में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवेदन प्रस्तुत किए। संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा प्राप्त आवेदनों का परीक्षण एवं आवश्यक कार्यवाही करते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है।