सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय महाविद्यालय बानमोर में विद्यार्थियों एवं महाविद्यालयीन स्टाफ के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा सामान्य स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी एवं परामर्श उपलब्ध कराना रहा। शिविर में आयुष्मान आरोग्य मंदिर, बानमोर गांव की चिकित्सक डॉ. शालिनी सक्सेना ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया।
उन्होंने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखने तथा अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस.के. किरार ने कहा कि स्वस्थ शरीर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने इस प्रकार के स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताया।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. अनूप कुमार ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। शिविर में विद्यार्थियों एवं महाविद्यालयीन स्टाफ ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी एवं परामर्श प्राप्त किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. ऋचा गुप्ता, डॉ. ज्योति, डॉ. सना खान, डॉ. जसवंत, डॉ. धर्मेंद्र सिंह धाकड़, डॉ. अतुल, डॉ. कृपाल सिंह, सहायक प्राध्यापक शिवम परमार, सहायक प्राध्यापक दुर्गा शंकर लोधी सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं स्टाफ का सहयोग रहा। अंत में डॉ. धर्मेंद्र सिंह धाकड़ ने महाविद्यालय परिवार की ओर से आभार व्यक्त किया।





