उज्जैन, 25 सितंबर। गंभीर हृदय रोग से पीड़ित एक दिन के नवजात को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए पीएम श्री एयर एम्बुलेंस की सहायता से अहमदाबाद पहुंचाया गया। उज्जैन से इंदौर और इंदौर से अहमदाबाद तक नवजात को सुरक्षित एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाया गया। नवजात के परिजनों के पास आयुष्मान कार्ड होने के कारण पात्रतानुसार उपचार एवं संबंधित स्वास्थ्य सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार पटेल ने बताया कि ग्राम जमुणी, जिला देवास निवासी बेबी पिता धीरज, उम्र मात्र एक दिन, गंभीर हृदय बीमारी के चलते बालाजी अस्पताल, उज्जैन में भर्ती था। नवजात की गंभीर स्थिति को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन द्वारा उच्च चिकित्सा केंद्र पर उपचार की आवश्यकता के संबंध में सीएमएचओ डॉ. अशोक कुमार पटेल से संपर्क किया गया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए सीएमएचओ डॉ. अशोक कुमार पटेल एवं पीएम श्री एयर एम्बुलेंस के नोडल अधिकारी डॉ. आदित्य माथुर ने तत्काल आवश्यक समन्वय करते हुए एयर एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की। नवजात को पहले एम्बुलेंस के माध्यम से उज्जैन से इंदौर पहुंचाया गया। इसके बाद इंदौर से पीएम श्री एयर एम्बुलेंस के माध्यम से लगभग दो घंटे में सुरक्षित रूप से यू.एन. मेहता अस्पताल, अहमदाबाद (गुजरात) पहुंचाया गया।
समय पर किए गए समन्वय और त्वरित परिवहन के कारण नवजात को गंभीर स्थिति में भी उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए समय पर अहमदाबाद पहुंचाना संभव हो सका। आयुष्मान कार्ड होने के कारण नवजात के परिजनों को पात्रतानुसार उपचार एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ निःशुल्क मिल रहा है। सीएमएचओ डॉ. अशोक कुमार पटेल ने कहा कि गंभीर मरीजों को समय पर उच्च चिकित्सा संस्थान तक पहुंचाना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है।
पीएम श्री एयर एम्बुलेंस जैसी सुविधा के माध्यम से गंभीर एवं जरूरतमंद मरीजों को त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।




