प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि सह-योजना (पीएम-एमकेएसएसवाई) के अंतर्गत मत्स्य पालकों एवं मत्स्य क्षेत्र से जुड़े हितग्राहियों को राष्ट्रीय मत्स्य विकास डिजिटल पोर्टल पर पंजीकृत करने, योजना के अंतर्गत मिलने वाले लाभों तथा आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से जबलपुर जिले में व्यापक जागरूकता अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया गया है। 21 सितंबर से 22 नवंबर तक संचालित होने वाले इस अभियान के अंतर्गत कुल 10 प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें मत्स्य विज्ञान महाविद्यालय, नानाजी देशमुख पशुचिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय, जबलपुर को मुख्य ट्रेनिंग पार्टनर के रूप में नामित किया गया है।

इस अभियान के तहत आयोजित होने वाले सभी 10 ऑन-कैम्पस प्रशिक्षण कार्यक्रम मत्स्य विज्ञान महाविद्यालय, जबलपुर के प्रांगण में संपन्न होंगे, जिसमें जिले के समस्त मत्स्य पालक कृषक एवं हितग्राही भाग लेंगे। इस आयोजन का मुख्य ध्येय मत्स्य पालन से जुड़े कृषकों के मध्य शासकीय योजनाओं एवं दी जाने वाली सुविधाओं के प्रति जागरूकता का प्रसार करना है, जिससे अधिक से अधिक पात्र हितग्राही पोर्टल पर स्वयं को पंजीकृत कराकर योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ उठा सकें।

उद्घाटन कार्यक्रम के अवसर पर प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि सह-योजना मध्यप्रदेश के नोडल अधिकारी एवं मत्स्य विज्ञान महाविद्यालय जबलपुर के अधिष्ठाता डॉ. एस. के. महाजन, सह प्राध्यापक श्रीमती सोना दुबे, सहायक संचालक मत्स्योद्योग श्री राजा राज तिलक धुर्वे, एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी के डिस्ट्रिक्ट कॉर्डिनेटर श्री आशीष कोरी, श्री संजय भारद्वाज, श्रीमती सुनीता ढोके सहित मछुआ सहकारी समिति गंगासागर गढ़ा एवं मछुआ मजदूर सहकारी समिति फुटताल, जबलपुर के सदस्य तथा क्षेत्रीय कृषक गरिमामय रूप से उपस्थित रहे।