जिले के नगरीय निकायों में संचालित विकास कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने नगर निगम जबलपुर, नगर पालिका सिहोरा एवं पनागर तथा जिले की नगर परिषदों के अधिकारियों को दिये हैं। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की हिदायत भी इन अधिकारियों को दी है।

कलेक्टर श्री सिंह आज बुधवार को जिले के सभी नगरीय निकायों में चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में संपन्न हुई इस बैठक में

अपर कलेक्टर रविशंकर राय, कार्यपालन यंत्री नगर निगम कमलेश श्रीवास्तव, जिला शहरी विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी तथा सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी भी मौजूद थे।

कलेक्टर श्री सिंह ने अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत जिले के शहरी क्षेत्रों में संचालित परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए प्रगतिरत कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने हरित क्षेत्र के अंतर्गत निर्मित पार्कों के रखरखाव और शेष कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। जल सरंचनाओं के जीर्णोद्धार कार्यों की समीक्षा करते हुये उन्होंने कहा कि तालाबों के मूल स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए जीर्णोद्धार एवं विकास के कार्य किए जाएं।

बैठक में जल प्रदाय योजनाओं की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने पाइपलाइन बिछाने के कार्यों को तेजी से पूरा करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि मुख्य मार्गों पर आवश्यकतानुसार रात के समय पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जाए, ताकि आवागमन प्रभावित न हो। पाइपलाइन बिछाने के लिए की गई खुदाई के बाद सड़क का व्यवस्थित रेस्टोरेशन सुनिश्चित करने के निर्देश भी कलेक्टर श्री सिंह ने दिये। शहपुरा-भिटौनी जल प्रदाय योजना तथा बरेला-नर्मदा नदी जल प्रदाय योजना की प्रगति की जानकारी भी बैठक में ली गई।

कलेक्टर श्री सिंह ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन हितग्राहियों को आवास निर्माण के लिए राशि प्राप्त हो चुकी है, उनके निर्माण कार्य की लगातार मॉनिटरिंग की जाए। राशि प्राप्त करने के बाद भी आवास निर्माण नहीं करने वाले हितग्राहियों के विरुद्ध नियमानुसार आरआरसी जारी कर रिकवरी की कार्रवाई की जाए। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रथम एवं द्वितीय चरण के अंतर्गत आवास निर्माण और आवेदनों के सत्यापन की स्थिति का ब्यौरा कलेक्टर ने लिया।

बैठक में अर्बन चैलेंज फंड के संबंध में भी जानकारी दी गई। इसके अंतर्गत शहरी विकास कार्यों के लिए बाजार आधारित संसाधन जुटाने सहित अन्य प्रावधानों और इसकी परिचालन अवधि पर चर्चा की गई। कलेक्टर श्री सिंह ने धारणाधिकार योजना के तहत शहरी क्षेत्र में पट्टा वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि स्वीकृत सूचियों को आरसीएमएस पोर्टल पर अपलोड कर पट्टा वितरण की कार्रवाई जल्द पूरी की जाए। उन्होंने नगरीय निकायों की दुकानों एवं अन्य संपत्तियों से किराया वसूली की भी समीक्षा की। कलेक्टर ने बड़े बकायादारों को नोटिस जारी कर नियमानुसार राजस्व वसूली की कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।

स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री सिंह ने वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट में कचरे की सुचारू प्रोसेसिंग तथा स्रोत पर कचरा पृथक्करण के लिए जन-जागरूकता अभियान और कार्यशालाएं आयोजित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगरीय निकायों के अधिकारी नियमित रूप से डंपिंग साइट्स का निरीक्षण करें।