कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना की अध्यक्षता में कलेक्टर सभाकक्ष में ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक का आयोजन ली गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में संचालित प्रमुख विकास परियोजनाओं, ग्रामीण संरचनाओं और राज्य शासन की प्राथमिकता वाली जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का गहन मूल्यांकन करना तथा प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, संवेदनशील और परिणाममुखी बनाना रहा।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने बिंदुवार समीक्षा करते हुए आमजन की समस्याओं के निराकरण को सर्वोपरि प्राथमिकता दी और सी.एम. हेल्पलाइन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित शिकायतों का त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने शिकायतों को निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास से जुड़ी योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पात्र हितग्राहियों के आवासों का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना की धीमी गति पर नाराजगी व्यक्त कर संबंधित को नोटिस जारी किए जाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने भारत मिशन के अंतर्गत स्वच्छता मानकों एवं परिसंपत्तियों का रखरखाव करने संबंधी निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के माध्यम से महिला स्व-सहायता समूहों के सशक्तीकरण, संबल योजना के तहत पंजीकृत श्रमिकों को समय पर आर्थिक लाभ दिलाने, वीपीजीरामजी के अंतर्गत स्वीकृत निर्माण कार्यों तथा सामाजिक न्याय विभाग की पेंशन एवं कल्याणकारी योजनाओं का दायरा बढ़ाकर अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक लाभ पहुँचाने का विस्तृत जायजा लिया।
कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने सभी विभागीय एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शासकीय योजनाओं का क्रियान्वयन पूर्ण पारदर्शिता और समयसीमा के भीतर करें तथा अपनी-अपनी योजनाओं की अद्यतन स्थिति के साथ कार्य निष्पादन सुनिश्चित करें, जिसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को डोर टू डोर कचरा एकत्रीकरण किए जाने के साथ ही नियमानुसार प्रबंधन किए जाने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अखिलेश कुमार जैन, अति. मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री दिनेश वर्मा, सहायक कलेक्टर सुश्री आशी शर्मा सहित जनपद पंचायत धार, नालछा एवं तिरला के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित रहे। जबकि जिले की अन्य दूरस्थ जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सहभागिता करते की।

