कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना की अध्यक्षता में जिला स्तरीय क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण समिति (DLIMC) की बैठक कलेक्टर सभागृह में आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित पैक्स कम्प्यूटरीकरण योजना, ई-पैक्स की प्रगति तथा नवीन बी-पैक्स को योजना से जोड़ने सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसी के साथ ही गबन धोखाधड़ी एवं जिला सहकारी विकास समिति की भी बैठक ली गई।

बैठक में जिला कलेक्टर द्वारा नामांकित तीन प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के प्रतिनिधियों को रोटेशन के आधार पर समिति में सदस्य के रूप में शामिल किए जाने के संबंध में चर्चा की गई।बैठक में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित, धार से संबद्ध 94 संस्थाओं की पैक्स कम्प्यूटरीकरण योजना अंतर्गत ई-पैक्स की प्रगति की समीक्षा की गई।

इसके साथ ही जिले में गठित नवीन बी-पैक्स को पैक्स कम्प्यूटरीकरण योजना में शामिल किए जाने के संबंध में आवश्यक कार्यवाही एवं अनुमोदन पर विचार-विमर्श किया गया।कलेक्टर ने नवीन बी-पैक्स के कम्प्यूटरीकरण के लिए आवश्यक हार्डवेयर की उपलब्धता तथा जिला स्तरीय समिति द्वारा किए जाने वाले अनुमोदन की प्रक्रिया की जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में ऐसे बी-पैक्स, जहां कार्यालय संचालन के लिए भवन उपलब्ध नहीं है, उनका चिन्हांकन कर वैकल्पिक भवन की व्यवस्था किए जाने पर भी चर्चा हुई। इसके लिए शासकीय भवन, सहकारिता विभाग, ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत अथवा किराये के भवन में कार्यालय संचालन की संभावनाओं पर विचार किया गया।बैठक में समिति द्वारा ई-पैक्स कम्प्यूटरीकरण योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ-साथ नवीन बी-पैक्स को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। बैठक में संबंधित अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।