सेवा पखवाड़ा तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विभिन्न सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में विकासखंड सेवढ़ा के बाल शिक्षा एवं आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-1, सिरसा में ‘आंगन मिलन’ सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद श्रीमती संध्या राय उपस्थित रहीं, जबकि अध्यक्षता सेवढ़ा विधायक श्री प्रदीप अग्रवाल ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती का पूजन कर कन्या पूजन के साथ किया गया। इस अवसर पर सांसद श्रीमती संध्या राय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से गर्भवती महिलाओं, बच्चों एवं जरूरतमंद परिवारों के हित में विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने तथा महिला एवं बाल कल्याण के क्षेत्र में निरंतर कार्य करने पर जोर दिया। विधायक श्री प्रदीप अग्रवाल ने कहा कि शासन द्वारा सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना भी की गई। कार्यक्रम में लाड़ली बहना योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। वहीं सेवानिवृत्त एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को सम्मानित किया गया।
अतिथियों द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं द्वारा लगाई गई पोषण आहार प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा पोषण एवं महिला-बाल विकास से संबंधित गतिविधियों की जानकारी ली।
कार्यक्रम में श्रीमती पूजा शर्मा, श्री बबलू पटेल, श्री अशोक प्रजापति, श्री सोनू प्रजापति, श्री आलोक परिहार, श्री धन सिंह बघेल, श्री पवन पाठक, श्री सुनील परिहार, श्री आशाराम समाधिया, श्री भगवानदास प्रजापति, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री हरनोद शर्मा, तहसीलदार श्री राजेन्द्र सिंह जाटव, परियोजना अधिकारी श्री राजेन्द्र सिंह गुर्जर एवं पर्यवेक्षक श्रीमती रमा गुप्ता,श्री सुधीर तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे। ‘आंगन मिलन’ सेवा कार्यक्रम के माध्यम से महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं और पोषण संबंधी गतिविधियों को आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।




