जिले में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और शिक्षकों को आधुनिक एवं प्रभावी शिक्षण पद्धतियों से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री कुमार सत्यम एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री तनुश्री मीणा के निर्देशानुसार डाइट बालाघाट के प्राचार्य श्री एन.पी. मलगाम ने जिले के समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली।

बैठक का मुख्य उद्देश्य सत्र 2026-27 में राज्य कार्यालय के माध्यम से डाइट स्तर पर आयोजित विभिन्न प्रशिक्षणों का फीडबैक लेना तथा यह सुनिश्चित करना रहा कि प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का उपयोग विद्यालयों में विद्यार्थियों के अध्यापन और प्रयोगशाला संबंधी गतिविधियों में प्रभावी रूप से किया जा रहा है।

बैठक में हाईस्कूल स्तर पर विज्ञान विषय के प्रायोगिक प्रशिक्षण, पीएम श्री विद्यालयों के शिक्षकों के विषयवार प्रशिक्षण, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों के भौतिकी, रसायन शास्त्र एवं जीव विज्ञान के प्रायोगिक प्रशिक्षण, जनशिक्षकों के क्षमता वर्धन प्रशिक्षण तथा पूर्व प्राथमिक कक्षाओं नर्सरी, केजी-1 एवं केजी-2 में अध्यापन कराने वाले शिक्षकों के ईसीसीई प्रशिक्षण की जानकारी साझा की गई।

विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को संबंधित प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले शिक्षकों एवं विद्यालयों की सूची उपलब्ध कराई गई। निर्देशित किया गया कि अधिकारी संबंधित विद्यालयों का भ्रमण कर प्रशिक्षण प्राप्त शिक्षकों द्वारा राज्य कार्यालय से प्राप्त मॉड्यूल के अनुसार विद्यालय में विद्यार्थियों को अध्यापन कराने तथा प्रयोगशाला में प्रायोगिक गतिविधियों के क्रियान्वयन की समीक्षा एवं निरीक्षण करेंगे।

इस दौरान प्रशिक्षणों का वास्तविक प्रभाव कक्षा-कक्ष और प्रयोगशाला में दिखाई दे, इस पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। साथ ही विद्यालय स्तर पर प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान के उपयोग की जानकारी लेकर आवश्यक मार्गदर्शन देने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में डाइट प्रशिक्षण प्रभारी श्री के.डी. तितिरमारे, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री सी.एस. कुशराम (कटंगी), श्री वाय.आर. गजभिये (लालबर्रा), श्रीमती मोनिका पटेल (बालाघाट), श्री मुकेश तिवारी (खैरलांजी), श्री एन.के. वैध (बैहर), श्री श्याम बंदन बघेल (बिरसा), श्री जयंत खाण्डवे (परसवाड़ा), श्री व्ही.के. बनोठे (वारासिवनी), लांजी से लिपिक श्री बी.आर. खण्डवे सहित डाइट बालाघाट के प्रशिक्षण सहायक श्री सजल मस्की उपस्थित रहे।

बैठक में अधिकारियों ने प्रशिक्षणों के क्रियान्वयन से संबंधित जानकारी साझा की तथा विद्यालय स्तर पर प्रभावी अनुश्रवण एवं निरीक्षण के माध्यम से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने पर चर्चा की।