शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) बालाघाट द्वारा युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक दिवसीय कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन 24 सितंबर 2026, गुरुवार को किया जाएगा। यह प्लेसमेंट ड्राइव शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, बूढ़ी, बालाघाट में आईटीआई बालाघाट में 24 सितंबर को आयोजित होगा। इस कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में टाटा मोटर्स में रोजगार के लिए 18 से 24 वर्ष के आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं।

यह प्लेटसमेंट ड्राइव प्रातः 9:30 बजे से आयोजित होगी। ड्राइव का आयोजन QUEST ALLIANCE के माध्यम से किया जा रहा है।आईटीआई बालाघाट की प्राचार्य श्रीमती सपना रहांगडाले ने बताया कि प्लेसमेंट ड्राइव में Tata Motors Passenger Vehicle Ltd., अहमदाबाद-साणंद, गुजरात द्वारा विभिन्न तकनीकी ट्रेड में आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे।

इसके लिए अभ्यर्थी का न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं कक्षा नियमित रूप से उत्तीर्ण होने के साथ आईटीआई (NCVT/SCVT) उत्तीर्ण होना आवश्यक है।कंपनी द्वारा फिटर, डीजल मैकेनिक, मैकेनिक मोटर व्हीकल (MMV), टर्नर, मशीनिस्ट, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक, वेल्डर एवं इलेक्ट्रीशियन ट्रेड के अभ्यर्थियों को प्लेसमेंट के लिए पात्र माना गया है। अभ्यर्थियों की आयु ज्वाइनिंग की तिथि के अनुसार न्यूनतम 18 वर्ष तथा अधिकतम 24 वर्ष निर्धारित है।

इस भर्ती में महिला एवं पुरुष दोनों अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। प्लेसमेंट के दौरान चयनित अभ्यर्थियों को लगभग 18,149 रुपये प्रतिमाह CTC के साथ अन्य लाभ प्रदान किए जाएंगे। भर्ती प्रक्रिया कंपनी द्वारा अपनी निर्धारित शर्तों के अनुसार की जाएगी।

अभ्यर्थियों को साथ लाने होंगे आवश्यक दस्तावेज

कैंपस ड्राइव में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल प्रमाण-पत्रों के साथ उनकी दो सेट फोटोकॉपी, सभी शैक्षणिक अंकसूचियां, आधार कार्ड, दो पासपोर्ट साइज फोटो तथा आईटीआई उत्तीर्ण प्रमाण-पत्र और बायोडाटा/CV/Resume साथ लाना अनिवार्य है।

अभ्यर्थियों को 24 सितंबर को निर्धारित समय पर शासकीय आईटीआई, बूढ़ी बालाघाट में लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार के लिए उपस्थित होना होगा।आईटीआई प्रबंधन ने इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर इस रोजगार अवसर का लाभ उठाएं। साक्षात्कार के दौरान कंपनी की नौकरी, वेतन, सेवा शर्तों एवं अन्य सुविधाओं से संबंधित जानकारी अभ्यर्थी स्वयं कंपनी प्रतिनिधियों से प्राप्त करें।

कैंपस ड्राइव में शामिल होने के लिए किसी भी प्रकार का मार्ग व्यय देय नहीं होगा। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 6265242300 एवं 8319395744 पर संपर्क किया जा सकता है।