उमरिया 1 अक्टूबर। जिले के सभी आंगनवाड़ी केन्द्र में 26 सितंबर से 5 अक्टूबर 2026 तक ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों, माताओं और समुदाय को आंगनवाड़ी केन्द्रों से जोड़ते हुए पोषण, स्वास्थ्य एवं विभागीय योजनाओं के प्रति जागरूक करना है।कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी केन्द्रों पर बच्चों एवं माताओं की सहभागिता से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
इसमें पोषण संवाद, स्वास्थ्य सुरक्षा तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की जानकारी दी जा रही है साथ ही माताओं को बच्चों के उचित पोषण, स्वास्थ्य देखभाल और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की जा रही है। ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जा रही है।
जनप्रतिनिधियों द्वारा आंगनवाड़ी केन्द्रों में कार्यरत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, आशा कार्यकर्ताओं एवं एएनएम के योगदान को सराहते हुए उनका सम्मान किया जा रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से आंगनवाड़ी केन्द्रों को समुदाय से जोड़ने तथा बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण को बेहतर बनाने के लिए सामूहिक सहभागिता को बढ़ावा दिया जा रहा है।




