सरकारी स्कूल के प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कलेक्टर श्री गौरव बैनल की पहल रंग ला रही है। नवंबर 2025 में शुरू की गई निःशुल्क व्यावसायिक कोचिंग पहल की पहली उल्लेखनीय सफलता छात्र अतुल के रूप में सामने आई है। पिछले सत्र में महज तीन माह की तैयारी के बावजूद अतुल ने जेईई में सफलता हासिल कर आईआईआईटी में कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग में प्रवेश प्राप्त किया है और वर्तमान में अपनी पढ़ाई कर रहा है।

एनटीपीसी के सीएसआर सहयोग से संचालित इस पहल के अंतर्गत शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, कन्या विद्यालय, मॉडल स्कूल सहित चार शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को निःशुल्क कोचिंग, अध्ययन सामग्री एवं विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। वर्तमान सत्र में 100 जेईई और 100 नीट सहित कुल 200 विद्यार्थी पूरे वर्ष नियमित रूप से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।

अतुल की सफलता ने सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों में नया विश्वास जगाया है। उसकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि प्रतिभा को सही अवसर, मार्गदर्शन और मेहनत का साथ मिले तो सरकारी स्कूल का विद्यार्थी भी देश के प्रतिष्ठित संस्थानों तक पहुंच सकता है। अतुल की यह सफलता आने वाले समय में सिंगरौली के अनेक विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी और कलेक्टर की पहल से शुरू हुई यह यात्रा सरकारी विद्यालयों की प्रतिभाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ेगी।