राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल एवं जिला शिक्षा केंद्र सीधी के निर्देशन में तथा बीआरसीसी सिहावल मुन्नालाल साकेत के मार्गदर्शन में जनपद पंचायत सभागार सिहावल में बुधवार को दिव्यांग बच्चों के लिए चिकित्सीय मूल्यांकन एवं चिन्हांकन शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों की आवश्यकताओं का आकलन कर उन्हें सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के साथ शिक्षा में आवश्यक सहयोग प्रदान करना रहा।
शिविर में सिहावल विकासखंड के 134 दिव्यांग बच्चों का पंजीयन किया गया। इनमें से 43 बच्चों का सहायक उपकरणों के लिए चयन किया गया, जिन्हें कुल 79 उपकरण उपलब्ध कराए जाने के लिए चिन्हित किया गया। शिविर के दौरान 30 बच्चों के दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी बनाए गए।
शिविर में मेडिकल बोर्ड की टीम, एलिम्को के प्रतिनिधि, एपीसी आईईडी रजनीश श्रीवास्तव, बीआरसीसी सिहावल मुन्नालाल साकेत एवं बीएससी अखंड प्रताप सिंह की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम के सफल आयोजन में एमआरसी हरिशंकर मिश्रा, एमआरसी राम सजीवन कुशवाहा, सीएसी बब्बू सिंह, सीएसी राम निरंजन पटेल, सीएसी मणिकांत सिंह, सीएसी रामाधार पटेल सहित शिक्षकों एवं अन्य सहयोगी कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
शिविर में दिव्यांग बच्चों के अभिभावकों ने भी सक्रिय सहभागिता की। बच्चों के चिकित्सीय मूल्यांकन के साथ उनकी शैक्षणिक एवं व्यक्तिगत आवश्यकताओं की जानकारी लेकर उन्हें आवश्यक सहयोग से जोड़ने का प्रयास किया गया।



