कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में मंगलवार को अपर कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर ने जनसुनवाई आयोजित कर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में नागरिकों ने राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगरीय निकाय, वन अधिकार, कृषि, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं एवं मांगों के आवेदन प्रस्तुत किए।
जनसुनवाई में शासकीय नाली पर बाथरूम का निर्माण कर पानी शासकीय सड़क पर बहाने, चिचखेड़ा-तिगांव कच्ची सड़क के किनारे जाम नदी पर निर्मित स्टॉप डेम में पानी रोकने के लिए लोहे के गेट लगाने, खेतों तक पहुंच मार्ग की अधिक चढ़ाई कम करने तथा लगभग 300 मीटर क्षेत्र में सीसी रोड निर्माण कराने संबंधी आवेदन प्राप्त हुए। ग्राम पंचायत मांडवी में मुख्य मार्ग की झाड़ियों की सफाई, बंद स्ट्रीट लाइटों को चालू कराने, नालियों की सफाई तथा पंचायत कार्यों की जांच कराने की मांग भी नागरिकों द्वारा रखी गई।
इसी प्रकार निजी भूमि पर अवैध कब्जा कर कॉलोनी का गार्डन एवं बाउंड्रीवाल बनाए जाने, वन अधिकार अधिनियम के तहत वन भूमि पर काबिज कृषकों को पट्टा प्रदान करने, धावड़ीखापा में खसरा नंबर 19 एवं 17 में कुआं दर्ज कर भूमि को सिंचित किए जाने एवं मुआवजा राशि बढ़ाने, राजस्व अभिलेख में भूमि के रकबे में सुधार, ऑनलाइन आवेदन के बाद पट्टा नहीं मिलने तथा शासकीय भूमि का आवासीय पट्टा प्रदान करने से संबंधित आवेदन भी प्रस्तुत किए गए।
जनसुनवाई में कृषि भूमि में स्थित मवेशी कोठे में आगजनी से हुए नुकसान का उचित मुआवजा दिलाने, पुसलाढाना आंगनवाड़ी सहायिका भर्ती में प्रथम स्थान प्राप्त आवेदिका को नियुक्ति पत्र प्रदान करने, प्रधानमंत्री आवास योजना में लाभ दिलाने, ड्रोन सर्वे सूची में नाम जोड़ने, कपिलधारा योजना के अंतर्गत कुएं के निर्माण के लिए स्वीकृत राशि उपलब्ध कराने तथा मोहगांव जलाशय का पानी किसानों के खेतों तक सिंचाई के लिए उपलब्ध कराने संबंधी आवेदन भी प्राप्त हुए।
समय-सीमा में निराकरण के निर्देश
अपर कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर ने जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर समय-सीमा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं के निराकरण में संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य किया जाए। जिन प्रकरणों में एक से अधिक विभागों का समन्वय आवश्यक है, उनमें संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। जनसुनवाई में संयुक्त कलेक्टर सुश्री मेघा शर्मा एवं सुश्री नेहा सोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



