पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय जौरा, मुरैना में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 9वीं एवं 11वीं में रिक्त स्थानों पर प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। पात्र विद्यार्थी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार 30 सितम्बर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए विद्यार्थी का जन्म 1 मई 2012 से 31 जुलाई 2014 के मध्य होना आवश्यक है। विद्यार्थी वर्तमान में जिला मुरैना के किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में कक्षा 8वीं में अध्ययनरत होना चाहिए। इसी प्रकार कक्षा 11वीं में प्रवेश के लिए विद्यार्थी का जन्म 1 जून 2010 से 31 जुलाई 2012 के मध्य होना आवश्यक है तथा वह जिला मुरैना के किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में कक्षा 10वीं में अध्ययनरत होना चाहिए। निर्धारित जन्म तिथि की दोनों सीमाएं सम्मिलित हैं।
विद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि कक्षा 9वीं एवं 11वीं में प्रवेश के लिए चयन परीक्षा 10 अप्रैल 2027, शनिवार को पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय जौरा में आयोजित की जाएगी। पात्र विद्यार्थी कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए निर्धारित ऑनलाइन आवेदन लिंक तथा कक्षा 11वीं में प्रवेश के लिए संबंधित ऑनलाइन आवेदन लिंक के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
विद्यालय प्रबंधन द्वारा पात्र विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों से अपील की गई है कि वे प्रवेश के लिए निर्धारित पात्रता की जानकारी प्राप्त कर अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करें, ताकि आवेदन में किसी प्रकार की तकनीकी अथवा अन्य समस्या होने पर उसका समय रहते निराकरण कराया जा सके।





