युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) मुरैना में रोजगार कैंपस का आयोजन किया गया। क्वेस कॉर्प लिमिटेड द्वारा वर्लपूल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, फरीदाबाद के लिए आयोजित इस रोजगार कैंपस में 44 युवाओं ने सहभागिता की, जिनमें से 18 युवाओं का प्राथमिक रूप से चयन किया गया।
कंपनी प्रतिनिधि श्री राजा यादव ने बताया कि चयनित युवाओं को 21 सितम्बर 2026 को फरीदाबाद स्थित वर्लपूल इंडिया के संयंत्र में कार्यग्रहण के लिए आमंत्रित किया गया है। चयनित युवाओं को रोजगार के साथ-साथ कार्य से संबंधित आवश्यक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा।
ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट अधिकारी श्री मोहसिन खान के नेतृत्व में रोजगार कैंपस का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य श्री अमित कुलश्रेष्ठ ने आयोजन में सहयोग के लिए संस्थान के स्टाफ सदस्यों एवं कंपनी प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के रोजगार कैंपस युवाओं को उनकी शैक्षणिक योग्यता एवं तकनीकी दक्षता के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।





