अनंत चतुर्दशी के अवसर पर गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट एवं पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार ने किशनपुरी स्थित अनास नदी पर बनाए गए विसर्जन पोखर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विसर्जन स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ. भरसट ने निर्देश दिए कि गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। विसर्जन स्थल पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, संकेतक, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही आपात स्थिति से निपटने के लिए गोताखोरों, बचाव दल एवं आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विसर्जन के दौरान भीड़ प्रबंधन एवं आवागमन को सुचारू बनाए रखने के लिए निर्धारित व्यवस्था के अनुसार ही श्रद्धालुओं को विसर्जन स्थल तक पहुंचाया जाए।
पुलिस अधीक्षक श्री पाटीदार ने पुलिस अधिकारियों को विसर्जन स्थल एवं प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, यातायात व्यवस्था सुचारू रखने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विसर्जन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अमला समन्वय के साथ कार्य करे।
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने इसके पश्चात रंगपुरा एवं गेल के पीछे स्थित क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि इन दोनों स्थानों पर किसी भी व्यक्ति अथवा समूह द्वारा अनधिकृत रूप से विसर्जन नहीं किया जाए। इन क्षेत्रों में निगरानी रखने तथा आवश्यकतानुसार पुलिस एवं संबंधित अमले की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर डॉ. भरसट ने कहा कि गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन प्रशासन द्वारा निर्धारित किशनपुरी स्थित पोखर में ही किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विसर्जन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं एवं समितियों को निर्धारित स्थल की जानकारी दी जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि अन्य स्थानों पर प्रतिमाओं का विसर्जन न हो।
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को विसर्जन स्थल पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, सुरक्षा घेरा, वाहनों की पार्किंग एवं यातायात प्रबंधन सहित सभी व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही नागरिकों एवं गणेश उत्सव समितियों से प्रशासन द्वारा निर्धारित व्यवस्था का पालन करते हुए शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित रूप से गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन करने की अपील की।
इस दौरान सहायक कलेक्टर सुश्री आयुषी बंसल, डिप्टी कलेक्टर श्री सुनील डावर, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री मिलन पटेल एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।


